
रुद्रपुर। राष्ट्रपति द्वारा नई दिल्ली में पद्म भूषण सम्मान से अलंकृत किए जाने के बाद रुद्रपुर पहुंचने पर महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी का विधायक शिव अरोरा के नेतृत्व में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
बिलासपुर रोड स्थित एक निजी होटल में आयोजित स्वागत समारोह में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा ने कहा कि भगत सिंह कोश्यारी का जीवन सदैव समाज, राष्ट्र और उत्तराखंड राज्य की सेवा को समर्पित रहा है। उन्होंने विधायक, सांसद, मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहकर अपनी सेवाओं से प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है।
उन्होंने कहा कि ऐसे कर्मयोगी व्यक्तित्व को पद्म भूषण जैसे प्रतिष्ठित सम्मान से सम्मानित किया जाना हम सभी कार्यकर्ताओं के लिए गर्व का विषय है। विधायक शिव अरोरा ने कहा कि दिल्ली से सीधे रुद्रपुर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं द्वारा उनका किया गया स्वागत उनके प्रति जनता के सम्मान और स्नेह को दर्शाता है।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, राकेश सिंह, तरुण दत्ता, प्रीत ग्रोवर, सुरेश कोली, मीना शर्मा, फरजाना बेगम, के.के. त्रिपाठी, धीरेन्द्र मिश्रा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



