
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर में अवैध कच्ची शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध शराब और लहन बरामद कर नष्ट किया।
माननीय आबकारी आयुक्त एवं जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर के निर्देश तथा जिला आबकारी अधिकारी महेन्द्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में क्षेत्र-01 रुद्रपुर की आबकारी टीम ने गोविंद नगर वार्ड नंबर-4 और ग्राम अर्जुनपुर में छापेमारी अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान अंबिका बाछड़ के घर से 15 लीटर अवैध कच्ची शराब तथा सुरेंद्र कौर के घर से लगभग 25 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई।
इसके बाद ग्राम अर्जुनपुर में खेत के नाले के किनारे संचालित अवैध शराब की भट्टी को ध्वस्त किया गया। मौके पर पांच गड्ढों में भरे लगभग 3000 किलोग्राम लहन को नष्ट करते हुए करीब 110 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई।
आबकारी विभाग ने संबंधित आरोपियों एवं अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं तथा धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह अभियान आबकारी निरीक्षक सोनू सिंह के नेतृत्व में प्रधान आबकारी सिपाही दीपक, संतोष, विकास तथा आबकारी सिपाही राजेंद्र, वीरेंद्र, मंजू सहित टीम के अन्य सदस्यों की मौजूदगी में चलाया गया। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



