रुद्रपुर में देर रात एनकाउंटर, गैंगरेप के फरार आरोपी पुलिस मुठभेड़ में दबोचे गए

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने गैंगरेप प्रकरण में फरार चल रहे तीन आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। देर रात बगवाड़ा चौकी क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस पर फायरिंग करने वाले मुख्य आरोपी गुरबाज उर्फ मानु के पैर में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगी। घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में गठित पुलिस टीमें गैंगरेप प्रकरण के फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश और सघन चेकिंग अभियान चला रही थीं। सोमवार देर रात बगवाड़ा चौकी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस ने मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर तीनों भागने लगे। पीछा कर घेराबंदी किए जाने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा और वैधानिक अधिकारों का प्रयोग करते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी गुरबाज उर्फ मानु के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस तथा घटना से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए गए हैं। बरामदगी के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरबाज उर्फ मानु (23 वर्ष), निवासी ग्राम कलकत्ती, थाना गदरपुर, जोगा सिंह (24 वर्ष), निवासी ग्राम अज्जूवाला, थाना मिलक खानम, जनपद रामपुर (उत्तर प्रदेश) तथा रविंदर (19 वर्ष), निवासी ग्राम अज्जूवाला, थाना मिलक खानम, जनपद रामपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी अजय गणपति स्वयं जिला अस्पताल पहुंचे और घायल आरोपी से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस का कहना है कि गैंगरेप मामले में सभी वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली गई है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।