
रुद्रपुर/देहरादून। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को पक्का और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने की दिशा में उत्तराखंड सरकार ने बड़ी पहल की है। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत रुद्रपुर के बागवाला में विकसित की जा रही 1872 ईडब्ल्यूएस आवासीय परियोजना अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन और सचिव आवास डॉ. आर. राजेश कुमार की निगरानी में तैयार यह परियोजना राज्य की सबसे बड़ी ईडब्ल्यूएस आवास योजनाओं में से एक मानी जा रही है।
करीब 6 लाख रुपये लागत वाले आधुनिक फ्लैट लाभार्थियों को मात्र 3 लाख रुपये में उपलब्ध कराए जाएंगे। शेष 3 लाख रुपये की राशि भारत सरकार और राज्य सरकार द्वारा डेढ़-डेढ़ लाख रुपये की सब्सिडी के रूप में वहन की जाएगी। परियोजना में कुल 23 बहुमंजिला आवासीय ब्लॉक बनाए गए हैं, जिनमें एक बेडरूम, ड्राइंग रूम, किचन, टॉयलेट, बाथरूम और बरामदे जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
अब तक 832 फ्लैट पूरी तरह तैयार हो चुके हैं, जबकि 512 फ्लैटों में अंतिम चरण के कार्य तेजी से चल रहे हैं। सरकार जल्द ही परियोजना का लोकार्पण कर पात्र लाभार्थियों को आवासों की चाबियां सौंपने की तैयारी में है।
परियोजना को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल स्वरूप दिया गया है। परिसर में रेन वाटर हार्वेस्टिंग, सीवरेज सिस्टम, एसटीपी, हरे-भरे पार्क, बच्चों के खेल क्षेत्र, चौड़ी सड़कें, पर्याप्त पार्किंग और भूकंपरोधी निर्माण जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। सुरक्षा के लिए आरसीसी बाउंड्री वॉल, फायर फाइटिंग सिस्टम और विद्युत सुरक्षा मानकों का भी विशेष ध्यान रखा गया है।
आवास आवंटन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी। पात्र लाभार्थियों का चयन कंप्यूटर आधारित रैंडमाइजेशन लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। योजना का लाभ उन्हीं परिवारों को मिलेगा जिनकी वार्षिक आय तीन लाख रुपये या उससे कम है तथा जिनके नाम पर देश में कहीं भी पक्का मकान नहीं है।
सचिव आवास एवं आवास आयुक्त डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि यह परियोजना हजारों गरीब परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रत्येक पात्र परिवार को सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। जल्द ही लाभार्थियों को उनके सपनों के घरों की चाबियां सौंपी जाएंगी।
यह परियोजना केवल मकानों का निर्माण नहीं, बल्कि हजारों परिवारों के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक और बेहतर भविष्य की नई शुरुआत साबित होने जा रही है।


