केंद्रीय कृषि मंत्री के रुद्रपुर दौरे को लेकर ट्रैफिक प्लान जारी, वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग और रूट तय

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। 26 जून को रुद्रपुर में आयोजित वीआईपी कार्यक्रम के मद्देनजर पुलिस-प्रशासन ने शहर में व्यापक यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था लागू की है। कार्यक्रम में शामिल होने वाले आमजन, कार्यकर्ताओं, अधिकारियों, पत्रकारों तथा वीआईपी वाहनों के लिए अलग-अलग रूट और पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और किसी प्रकार की असुविधा न हो।

प्रशासन द्वारा जारी रूट प्लान के अनुसार नैनीताल, हल्द्वानी और दिनेशपुर की ओर से आने वाली बसें एवं मैक्स वाहन सिडकुल क्षेत्र से डी.डी. चौक तक पहुंचेंगे। यहां यात्रियों को उतारने के बाद वाहन फ्री लेफ्ट टर्न लेकर मोदी मैदान में पार्क किए जाएंगे।

खटीमा, सितारगंज और किच्छा की ओर से आने वाले वाहन तीनपानी होते हुए महाराजा पैलेस से यू-टर्न लेकर मोदी मैदान पहुंचेंगे। वैकल्पिक रूप से वाहन त्रिशूल चौक होते हुए रोडवेज के सामने यात्रियों को उतारकर डी.डी. चौक से मोदी मैदान में पार्क होंगे।

काशीपुर, बाजपुर और गदरपुर क्षेत्र से आने वाले वाहनों को गावा चौक से काशीपुर बाईपास मार्ग होते हुए अग्रसेन चौक के पास यात्रियों को उतारना होगा। इसके बाद वाहन डी.डी. चौक से होकर 46 पीएसी गेट के सामने स्थित होमगार्ड्स मैदान में पार्क किए जाएंगे।

रामपुर और बिलासपुर रोड की ओर से आने वाले वाहन त्रिशूल चौक से रोडवेज के सामने यात्रियों को उतारने के बाद डी.डी. चौक होते हुए मोदी मैदान में पार्क होंगे।

कार एवं दोपहिया वाहनों के लिए विशेष व्यवस्था

कार्यक्रम में शामिल होने वाले गणमान्य व्यक्तियों के निजी वाहन सिंचाई विभाग परिसर में पार्क किए जाएंगे। पार्किंग स्थल भरने की स्थिति में वाहनों को वेंडिंग जोन के बाहर हाईवे किनारे पार्क कराया जाएगा।

पुलिस, प्रशासन के ड्यूटीरत अधिकारी-कर्मचारियों तथा पत्रकारों के निजी वाहनों के लिए न्यू ट्रैफिक लाइन में पार्किंग की व्यवस्था की गई है, जबकि वीआईपी वाहनों की पार्किंग गांधी पार्क के बाहर निर्धारित की गई है।

प्रशासन ने नागरिकों से निर्धारित रूट एवं पार्किंग व्यवस्था का पालन करने तथा यातायात पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।