ऑपरेशन प्रहार का बड़ा असर: बाजपुर पुलिस ने 12 घंटे में दबोचे 4 बाइक चोर, चोरी की 3 मोटरसाइकिल बरामद

खबरें शेयर करें

बाजपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के सख्त निर्देशों और ऑपरेशन प्रहार के तहत बाजपुर पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

पुलिस के अनुसार, बाजपुर कोतवाली में दर्ज दो वाहन चोरी के मामलों और गदरपुर थाना क्षेत्र की एक चोरी की बाइक की बरामदगी के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने शुगर फैक्ट्री क्षेत्र से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौतम टीडा, फायम अली उर्फ फईम, कमल सिंह और सागर के रूप में हुई है। इनके कब्जे से बाजपुर और गदरपुर थाना क्षेत्रों से चोरी की गई तीन मोटरसाइकिलें बरामद हुई हैं।

पुलिस ने बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में अतिरिक्त धाराएं बढ़ाते हुए सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया है।