शहीद ऊधम सिंह के बलिदान दिवस पर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने दी श्रद्धांजलि, युवाओं से राष्ट्र निर्माण का किया आह्वान

खबरें शेयर करें

गदरपुर। अमर शहीद ऊधम सिंह के बलिदान दिवस पर गदरपुर स्थित कंबोज धर्मशाला परिसर में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने शहीद ऊधम सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, समाजसेवी एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे और महान क्रांतिकारी को नमन किया।

कार्यक्रम के दौरान आयोजन समिति ने पूर्व विधायक राजेश शुक्ला को शॉल (अंगवस्त्र) ओढ़ाकर तथा शहीद ऊधम सिंह का चित्र भेंट कर सम्मानित किया। सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए राजेश शुक्ला ने कहा कि यह सम्मान उन सभी स्वतंत्रता सेनानियों को समर्पित है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि शहीद ऊधम सिंह भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के ऐसे अमर सेनानी थे, जिन्होंने जलियांवाला बाग नरसंहार के निर्दोष शहीदों का प्रतिशोध लेकर भारतीय स्वाभिमान और राष्ट्रगौरव को विश्व पटल पर स्थापित किया। उनका साहस, राष्ट्रभक्ति और सर्वोच्च बलिदान आज भी हर भारतीय के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

उन्होंने कहा कि शहीद ऊधम सिंह का जीवन अन्याय के विरुद्ध संघर्ष, राष्ट्र के प्रति समर्पण और देशहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता है। उन्होंने युवाओं से स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों और बलिदान से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह शहीदों के सपनों के अनुरूप सशक्त, समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान दे।