दिनेशपुर में घर से बाइक चोरी का 24 घंटे में खुलासा, शातिर चोर गिरफ्तार; चोरी की मोटरसाइकिल बरामद

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर/दिनेशपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देशन में चोरी की घटनाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दिनेशपुर पुलिस ने घर में घुसकर मोटरसाइकिल चोरी करने की घटना का महज 24 घंटे में खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 3 अक्टूबर 2026 को ग्राम पंचाननपुर निवासी राम बहादुर ने थाना दिनेशपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्ति उनके घर में घुसकर हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल संख्या UK06S7675 चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर थाना दिनेशपुर में FIR संख्या 159/2026, धारा 305(A) BNS के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।

घटना के शीघ्र खुलासे के लिए पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र सक्रिय करते हुए सुरागरसी-पतारसी और चेकिंग अभियान चलाया। 4 अक्टूबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर ग्राम जाफरपुर सुपर मार्केट कॉलोनी जाने वाले मार्ग पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया।

पूछताछ और जांच में मोटरसाइकिल चोरी की पाए जाने पर पुलिस ने अमित कुमार (23) पुत्र नित्यानंद व्यापारी, निवासी नेतानगर, थाना दिनेशपुर को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी की नीले रंग की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल UK06S7675 बरामद हुई।

पुलिस ने बताया कि मामले में नियमानुसार अन्य धाराओं की वृद्धि करते हुए आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम में अ0उ0नि0 होशियार सिंह, कांस्टेबल गंगा सिंह, कांस्टेबल देवराज सिंह और कांस्टेबल महेन्द्र सिंह शामिल रहे।