
खटीमा। 04 अक्टूबर 2026 को खटीमा में आयोजित होने वाले VVIP कार्यक्रम के मद्देनजर ऊधमसिंहनगर पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विस्तृत डायवर्जन एवं पार्किंग प्लान जारी किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर लागू होने वाली इस व्यवस्था के तहत विभिन्न मार्गों पर वाहनों के आवागमन में बदलाव किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार टनकपुर, रुद्रपुर, पीलीभीत और मेलाघाट की ओर से आने-जाने वाले वाहनों के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना होगा। भारी वाहनों को अलग-अलग स्थानों पर रोककर निर्धारित रूट से भेजने की व्यवस्था की गई है।
VVIP/VIP वाहनों के लिए वर्कशॉप पार्किंग और होलीडे होम पार्किंग, जबकि आमजन एवं कार्यक्रम में आने वाले वाहनों के लिए मंडी पार्किंग निर्धारित की गई है।
कार्यक्रम के दौरान ई-रिक्शा, टुक-टुक, मैजिक, ऑटो और टेम्पो के आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा। वहीं अचानक आने वाले भारी वाहनों को पीलीभीत रोड, कोर्ट परिसर खटीमा, नायरा पेट्रोल पंप अमाऊ और थाना झनकईया क्षेत्र में निर्धारित स्थानों पर पार्क कराया जाएगा।
पुलिस ने आमजन और वाहन चालकों से अपील की है कि 04 अक्टूबर को खटीमा क्षेत्र में यात्रा से पहले डायवर्जन प्लान का ध्यान रखें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही प्रयोग करें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।



