कल गांधी पार्क में जुटेगी भाजपा की भीड़, CM धामी के नेतृत्व में निकलेगी ‘अराजकता हटाओ–लोकतंत्र बचाओ’ पदयात्रा : शिव अरोड़ा

खबरें शेयर करें
रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में कल रुद्रपुर के गांधी पार्क से आयोजित होने वाली भाजपा की ‘अराजकता हटाओ, लोकतंत्र बचाओ’ सभा एवं पदयात्रा की तैयारियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम को लेकर विधायक शिव अरोड़ा ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ गांधी पार्क पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से तैयारियों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विधायक शिव अरोड़ा ने कहा कि कांग्रेस एवं विपक्ष द्वारा जनता के बीच फैलाए जा रहे झूठ और भ्रम के खिलाफ भाजपा इस कार्यक्रम के माध्यम से अपना पक्ष जनता के सामने रखेगी। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में आयोजित होने वाली इस सभा और पदयात्रा में हजारों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विधानसभा क्षेत्र में लगातार बैठकें आयोजित की जा रही हैं। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। साथ ही आमजन से भी कार्यक्रम में भागीदारी की अपील की जा रही है।
शिव अरोड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों को लेकर भाजपा जनता के बीच जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष इन मुद्दों पर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि गांधी पार्क से निकलने वाली पदयात्रा के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता विपक्ष की नीतियों और आरोपों पर अपना विरोध दर्ज कराएंगे।
कार्यक्रम स्थल के निरीक्षण के दौरान भाजपा प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र बिष्ट, जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, मेयर विकास शर्मा, दर्जा राज्यमंत्री सुरेश कोली, तरुण दत्ता, रोशन अरोड़ा, हिमांशु शुक्ला सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।