टीडीसी और राष्ट्रीय बीज निगम के बीच सहयोग बढ़ाने पर जोर, डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने आधुनिक मॉडल कार्यालय विकसित करने के दिए निर्देश

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में सोमवार को कैम्प कार्यालय में उत्तराखंड बीज एवं तराई विकास निगम (टीडीसी) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में टीडीसी और राष्ट्रीय बीज निगम के बीच आपसी समन्वय एवं सहयोग बढ़ाकर दोनों संस्थाओं के व्यावसायिक हितों को मजबूत करने पर चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने कहा कि दोनों संस्थाओं को दीर्घकालिक व्यावसायिक दृष्टिकोण अपनाते हुए आपसी सहयोग से कार्य करना चाहिए, जिससे उनकी कार्यक्षमता और आर्थिक लाभ में वृद्धि हो सके।

इस दौरान जिलाधिकारी ने टीडीसी के विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। टीडीसी के निर्माणाधीन कार्यालय भवन की समीक्षा करते हुए उन्होंने इसे भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप आधुनिक सुविधाओं से युक्त मॉडल कार्यालय के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने भवन के प्रारूप में आगंतुकों के लिए व्यवस्थित प्रतीक्षालय, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए अलग-अलग कक्ष तथा अन्य आवश्यक आधुनिक सुविधाओं को शामिल करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखने और निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में निदेशक अंकुर पपनेजा, डॉ. अमित भटनागर, मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. वी.के.एस. यादव, पंकज कुमार शुक्ला, डॉ. दीपक पांडे, जी.सी. तिवारी, नकुल जोशी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।