धान क्रय केंद्रों का मुख्य कृषि अधिकारी ने किया निरीक्षण, किसानों को सुविधाएं देने और लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर/किच्छा। किसानों से धान खरीद की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए सोमवार, 19 अक्टूबर 2026 को मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. विकेश कुमार सिंह यादव ने गदरपुरा मंडी रुद्रपुर में संचालित बगवाड़ा एवं फुलसुंगा धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने किच्छा मंडी क्षेत्र के दोपहरिया, सहदौरा, बंडिया, मिलक, देवरिया और नवीन मंडी स्थल किच्छा स्थित धान क्रय केंद्रों का भी जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान क्रय केंद्रों पर धान खरीद की प्रक्रिया संचालित पाई गई। अधिकारियों ने केंद्रों पर किसानों की सुविधाओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। इनमें धान की नमी जांचने के लिए नमी मापक यंत्र, तौल के लिए कांटा-तराजू, किसानों के बैठने के लिए कुर्सियां, पेयजल और पंखे जैसी सुविधाएं शामिल हैं।

मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. विकेश कुमार सिंह यादव ने क्रय केंद्र प्रभारियों को निर्देशित किया कि राज्य सरकार की धान क्रय नीति के अनुसार किसानों से धान की खरीद सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि धान बेचने के दौरान किसी भी किसान को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े और क्रय केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारु रूप से बनी रहें।

उन्होंने चेतावनी दी कि धान खरीद में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी क्रय केंद्र पर लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जाएगी।