
रूद्रपुर (उद संवाददाता)। स्वतंत्रता सेनानी रामसुमेर शुक्ल स्मृति राजकीय मेडिकल कालेज की प्रिंसीपल द्वारा कालेज में ठेकेदार के अधीन कार्यरत करीब 27 सफाई कर्मियों को नौकरी से निकाल देने के खिलाफ सभी सफाई कर्मियों ने प्रिंसीपल के इस निर्णय का कड़ा विरोध करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि वह पिछले करीब 20 से 25 वर्षों से जिला चिकित्सालय में सफाई का काम कर रहे हैं। जब से जिला चिकित्सालय मेडिकल कालेज के अधीन हुआ है उनकी परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। अब प्रिंसीपल द्वारा उन्हें यह कहकर नौकरी से निकाल दिया गया कि सफाई के टेंडर की अवधि समाप्त हो चुकी है। अब नियमानुसार 40 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को काम पर नहीं रखा जायेगा और इस कार्य के लिए न्यूनतम कक्षा आठ पास होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अगर 25 वर्ष पूर्व उन्होंने कक्षा आठ पास की होती तो उन्हें नौकरी करने की जरूरत ही क्यों पड़ती? उनका यह भी कहना है कि अचानक उन्हें नौकरी से निकाल देने से उनके समक्ष रोजी रोटी और परिवार के भरण पोषण का संकट आ खड़ा हुआ है। उन्होंने बताया अपनी पीड़ा सुनाने उन्होंने विधायक शिव अरोरा से फोन पर बात करनी चाही लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। वहीं पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने फोन पर उनकी पीड़ा सुनकर उन्हें भरोसा दिया है कि कल 3 अप्रैल को वह मेडिकल कालेज आकर प्रिंसीपल से इस सन्दर्भ में वार्ता करेंगे। इधर मामला बढ़ते देख चिकित्सा अधिकारियों ने आपस में विचार विमर्श कर सफाई कर्मियों का सेवा काल 3 माह तक और आगे बढ़ाने का निर्णय ले लिया। जिसके बाद सफाई कर्मियों ने राहत की सांस ली। प्रदर्शन करने वालों में सुनीता, ममता, लक्ष्मी, सोना, शीला, रित,ु रजनी, गीता, सुमन, रेखा, सपना, आकाश, उमेश, टिंकू ,अभय, ओमपाल आदि शामिल थे।


