एलएससी इन्फ्राटेक का पर्यावरण संरक्षण अभियान, रुद्रपुर में किया वृक्षारोपण, संरक्षण का भी लिया संकल्प

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। मानसून सत्र के दौरान पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एलएससी इन्फ्राटेक लिमिटेड (कुमार ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज) ने किच्छा बाईपास रोड स्थित परिसर में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया। कार्यक्रम का नेतृत्व ग्रुप के निदेशक अभिषेक अग्रवाल एवं जिला खनन अधिकारी मनीष परिहार ने किया। इस दौरान पौधरोपण के साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प लिया गया तथा लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अभिषेक अग्रवाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि कुमार ग्रुप अपने विभिन्न प्रतिष्ठानों पर पहले भी हजारों पौधे लगा चुका है और इस मानसून सत्र में अन्य स्थानों पर भी वृक्षारोपण अभियान जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार का “एक वृक्ष मां के नाम” अभियान पर्यावरण संरक्षण, ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन जैसी गंभीर चुनौतियों से निपटने की दिशा में एक प्रभावी पहल है। उन्होंने सभी नागरिकों से हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने का आह्वान किया।

जिला खनन अधिकारी मनीष परिहार ने बताया कि उनके अनुरोध पर एलएससी इन्फ्राटेक ने पिछले माह बाजपुर के एक इंटर कॉलेज परिसर में भी विभिन्न प्रजातियों के फलदार एवं छायादार पौधों का बृहद स्तर पर रोपण किया था। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें बड़ा होने तक सुरक्षित रखना भी सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि सभी मिलकर प्रयास करें तो शहर और देश को हराभरा एवं प्रदूषण मुक्त बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम में कुमार ग्रुप के अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।