
रुद्रपुर। नवरात्र पर्व के दौरान मांस बिक्री पर लगाए गए प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को निगम की टीम ने त्रिशूल चौक के पास स्थित दो दुकानों पर छापेमारी की। इस दौरान कच्चा और पका हुआ मांस मिलने पर दोनों दुकानदारों के ₹5-5 हजार के चालान काटे गए।
महापौर विकास शर्मा के निर्देश पर नगर निगम की टीम ने शहर में चेकिंग अभियान चलाकर प्रतिबंध के अनुपालन की जांच की। कार्रवाई के दौरान संबंधित दुकानदारों को नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए। अभियान के चलते मांस विक्रेताओं में हड़कंप मचा रहा।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि नवरात्र श्रद्धा, आस्था और धार्मिक परंपराओं से जुड़ा पर्व है। श्रद्धालुओं की भावनाओं और पर्व की परंपराओं को ध्यान में रखते हुए नगर निगम की ओर से शहरी क्षेत्र में मांस बिक्री पर प्रतिबंध लागू किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
महापौर ने दुकानदारों से नगर निगम के निर्देशों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि प्रतिबंध को प्रभावी ढंग से लागू कराने के लिए चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।
चेकिंग अभियान में एसआई अरुण कुमार, एसआई हेमंत कुमार, सुपरवाइजर बसंत, रजनीश, बादल, सौरभ, आकाश सहित नगर निगम की टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे।



