
रुद्रपुर। शारदीय नवरात्रि के चौथे दिन रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के गांधी कॉलोनी स्थित श्री सिद्धिविनायक मंदिर में भाजपा जिला मंत्री प्रमोद मित्तल एडवोकेट ने परिवार सहित कन्या पूजन कर मां भगवती का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने कन्याओं के चरण पूजकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और समाज को ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का संदेश दिया।
प्रमोद मित्तल ने कहा कि बेटियां समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनका सम्मान, सुरक्षा और शिक्षा सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बेटियों को समान अवसर देकर ही एक सशक्त और विकसित समाज का निर्माण किया जा सकता है। नवरात्रि का पर्व हमें नारी शक्ति के सम्मान और भारतीय संस्कृति के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने की प्रेरणा देता है।
कन्या पूजन के दौरान प्रमोद मित्तल कन्याओं के साथ आत्मीयता से संवाद करते और उनका उत्साह बढ़ाते दिखाई दिए। प्रमोद मित्तल अक्सर नन्हे बच्चों के बीच पहुंचकर उनसे बातचीत करते और उनके साथ समय बिताते नजर आते हैं। बच्चों के प्रति उनका स्नेह और आमजन के साथ सहज व्यवहार उनके जनसंपर्क की विशेषता है।
प्रमोद मित्तल प्रतिदिन सुबह से ही देर रात्रि तक जनता के बीच रहकर लोगों से मुलाकात करते हैं। क्षेत्र में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और पारिवारिक कार्यक्रमों में सहभागिता के साथ लोगों के सुख-दुख में शामिल होना उनकी दिनचर्या का हिस्सा बन चुका है। वह लोगों की समस्याओं को सुनने और यथासंभव सहयोग करने का प्रयास करते हैं।
जनसंपर्क के दौरान बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों से लगातार संवाद बनाए रखने की उनकी कार्यशैली उन्हें क्षेत्र के विभिन्न वर्गों से जोड़ती है। उनका मानना है कि जनसेवा का वास्तविक अर्थ जनता के बीच रहना, उनकी भावनाओं को समझना और जरूरत के समय उनके साथ खड़े रहना है।
इस पावन अवसर पर उन्होंने मां भगवती से रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र सहित समस्त प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान प्रमोद मित्तल के साथ हैप्पी चौहान, अशोक राजपूत, शिवांश अग्रवाल, कुशल अग्रवाल, भुवन लोनी, अभिषेक यादव, डॉक्टर धीरू त्रिपाठी, जानकी जोशी, हंसा लोनी, सुमन राजपूत, सुशीला यादव, सुनीता देवी, रानी यादव, शीला देवी, गुलाबो देवी, ममता खाती, बिट्टू कुमार, रोहित कश्यप, आदि ने भी कन्या पूजन कर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया ।


