फर्जी आधार, राशन कार्ड और खतौनी से MBBS दाखिले की कोशिश! गदरपुर पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा, मोबाइल-लैपटॉप समेत डिजिटल साक्ष्य बरामद

खबरें शेयर करें

गदरपुर। फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेजों के जरिए MBBS में दाखिला दिलाने के प्रयास के मामले में गदरपुर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से मोबाइल फोन, लैपटॉप, हार्ड डिस्क और SSD बरामद किए गए हैं।

मामले में राजस्व निरीक्षक गदरपुर विनोद कुमार की तहरीर पर 25 सितंबर 2026 को कोतवाली गदरपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पांच छात्रों से संबंधित प्रमाण-पत्रों में फर्जी अथवा कूटरचित आधार कार्ड, राशन कार्ड, खतौनी, परिवार रजिस्टर और विद्युत बिल सहित अन्य दस्तावेजों के इस्तेमाल की जानकारी सामने आई।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के बाद शुभम हुड़िया निवासी पुरानी मंडी, वार्ड नंबर-10 गदरपुर और निखिल वर्मा निवासी वार्ड नंबर-11 गदरपुर को गिरफ्तार किया गया। प्रथम दृष्टया जांच में दोनों पर कूटरचित दस्तावेज तैयार कर MBBS में दाखिला दिलाने के लिए आपराधिक षडयंत्र रचने का आरोप है।

पुलिस ने आरोपियों से दो मोबाइल फोन, HP EliteBook x360 1030 G4 लैपटॉप, एक हार्ड डिस्क और एक SSD बरामद किए हैं। मोबाइल से मिली रिकॉर्डिंग और अन्य दस्तावेजों को विवेचना में शामिल किया जा रहा है। पुलिस अब मामले में अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

यह कार्रवाई एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में गदरपुर पुलिस टीम ने की। मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।