पहाड़-तराई के मुद्दों को एक मंच पर लाने की तैयारी, रुद्रपुर में 28 सितंबर को रचनात्मक कांग्रेस सम्मेलन

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। रचनात्मक कांग्रेस की ओर से आयोजित पत्रकार वार्ता में संगठन के उद्देश्यों और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि रचनात्मक कांग्रेस विभिन्न जनसंगठनों, जनआंदोलनों, नागरिक संगठनों, बौद्धिक समूहों, लोकतांत्रिक समूहों और मजदूर संगठनों के साथ संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से गठित मंच है। संगठन की आधिकारिक जानकारी के अनुसार इसका फोकस संवैधानिक मूल्यों, सामाजिक न्याय और जनभागीदारी को मजबूत करने पर है।

उत्तराखंड रचनात्मक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भुवन पाठक ने कहा कि संविधान और लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले संगठनों को एक साथ आकर संवाद करना होगा। उन्होंने कहा कि रचनात्मक कांग्रेस सत्य, अहिंसा, सामाजिक न्याय और सामाजिक सद्भाव के लिए काम करने वाले लोगों से संवाद स्थापित करेगी। कुमाऊं सम्मेलन के माध्यम से पहाड़ और तराई से जुड़े मुद्दों को एक मंच पर लाने का प्रयास किया जा रहा है।

पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि रचनात्मक कांग्रेस कांग्रेस और विभिन्न सामाजिक समूहों के बीच संवाद का माध्यम बनेगी। वहीं आरटीआई कार्यकर्ता एवं सोशल मीडिया एक्टिविस्ट ओंकार ढिल्लों ने तराई के किसानों, जमीनों और शहरी समस्याओं से जुड़े मुद्दों पर काम करने की बात कही। प्रभात पाल ने जमीनों से जुड़े आंदोलनों और वन ग्रामों के संघर्षों को जनघोषणा पत्र में शामिल कराने के प्रयास की जानकारी दी।

28 सितंबर को तीन सत्रों में होगा सम्मेलन

रुद्रपुर में 28 सितंबर को प्रस्तावित सम्मेलन में पहले सत्र में सामाजिक संगठनों के अनुभव साझा किए जाएंगे। दूसरे सत्र में जनघोषणा पत्र के मसौदे पर चर्चा होगी, जबकि अंतिम सत्र में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। सम्मेलन में प्रस्ताव पत्र भी पारित किया जाएगा। कार्यक्रम में रचनात्मक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप दीक्षित के शामिल होने की जानकारी दी गई है।