विधायक शिव अरोरा ने मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर तैयारियों का लिया जायजा, निर्माण व फर्नीचर कार्य अंतिम चरण में; फैकल्टी भी हुई मजबूत

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। पंडित रामसुमेर शुक्ल स्मृति राजकीय मेडिकल कॉलेज में शैक्षिक सत्र 2026-27 से एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू होने की उम्मीद अब और मजबूत हुई है। मेडिकल कॉलेज की मान्यता को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के समक्ष वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अंतरिम अपील की जा चुकी है। कॉलेज प्रशासन के अनुसार पूर्व में सामने आई कमियों को दूर करते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं और मानकों को पूरा किया गया है। अब मंत्रालय की संस्तुति के बाद राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (NMC) की ओर से मान्यता पर आगे निर्णय लिया जाना है।

इसी क्रम में रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने लैब, स्टूडेंट स्टडी हॉल, कॉन्फ्रेंस रूम सहित विभिन्न शैक्षणिक ब्लॉकों का निरीक्षण किया और भवन, फर्नीचर व अन्य व्यवस्थाओं की प्रगति की जानकारी ली। विधायक ने कहा कि निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और कई स्थानों पर फर्नीचर इंस्टॉलेशन का कार्य भी पूरा हो चुका है।

मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. चंद्रप्रकाश बसेड़ा ने बताया कि पूर्व में उठाई गई आपत्तियों के समाधान के लिए आवश्यक कार्य पूरे किए गए हैं और संबंधित दस्तावेज व जानकारी प्रस्तुत की गई है। कॉलेज प्रशासन को उम्मीद है कि मान्यता प्रक्रिया सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ेगी।

कॉलेज में फैकल्टी की संख्या भी बढ़कर 50 से अधिक हो गई है। हाल ही में सात नए डॉक्टरों के मिलने से शैक्षणिक एवं चिकित्सा व्यवस्था को और मजबूती मिली है। विधायक शिव अरोरा ने कहा कि मान्यता को लेकर प्रक्रिया महत्वपूर्ण चरण में है और अगले एक सप्ताह में सुखद खबर मिलने की उम्मीद है। NMC की मंजूरी मिलने पर इसी सत्र से 100 एमबीबीएस सीटों पर प्रवेश और कक्षाओं का रास्ता साफ हो सकता है।

विधायक ने कहा कि मेडिकल कॉलेज शुरू होने से रुद्रपुर और आसपास के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ मेडिकल शिक्षा को भी नई दिशा मिलेगी। उन्होंने बताया कि मान्यता के संबंध में स्वास्थ्य मंत्री और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भी चर्चा की गई है।

निरीक्षण के दौरान प्राचार्य डॉ. चंद्रप्रकाश बसेड़ा, मेडिकल सुप्रिटेंडेंट डॉ. सुमन कुमार पाण्डेय, डॉ. वीके द्विवेदी, डॉ. सृजन श्रीवास्तव, वरुण प्रसाद, डॉ. आदित्य चौहान, मयंक कक्कड़ सहित अन्य लोग मौजूद रहे।