
देहरादून में ट्रक ने बरपाया कहर, पहले ट्रक को मारी फिर पेड़ से टकराया, चपेट में आने से ऑटो और स्कूटी भी क्षतिग्रस्त
देहरादून:पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत मोहब्बेवाला इलाके में बेकाबू ट्रक का कहर देखने को मिला. जहां ट्रक ने पहले आगे चल रहे एक ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी. जिसके बाद हादसे की चपेट में आने से 6 वाहन आपस में भिड़ गए. जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई. हादसे में चालक और हेल्पर घायल हो गए.
स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में हादसे की सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया. इस हादसे के कारण यातायात बाधित हो गया था. जिसे अतिरिक्त पुलिस बल लगाकर सामान्य कर दिया गया. हादसा इतना भयानक था कि वाहनों के परखच्चे उड़ गए.
मालवाहक ट्रक ने बरपाया कहर:जानकारी के मुताबिक, गुरुवार शाम करीब 7 बजे आशारोड़ी की तरफ से देहरादून आ रहा मालवाहक ट्रक मोहब्बेवाला में अनियंत्रित हो गया. ऐसे में इस ट्रक ने सड़क किनारे खड़े पेंट से भरे ट्रक और एक ऑटो पर टक्कर मारी दी. जिसके बाद एमडीडीए के स्वागत बोर्ड को तोड़ते हुए सड़क किनारे पेड़ से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया.
ऑटो और स्कूटी भी क्षतिग्रस्त:इस दौरान वाहन की चपेट में आकर एक अन्य ऑटो, दो स्कूटी भी दुर्घटनाग्रस्त हो गए. जिससे मौके पर अफरा तफरी और चीख पुकार मच गई. इसके बाद पुलिस ने मौके पर एंबुलेंस को बुलाया. फिर घायल चालक और परिचालक को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया. जहां उनका उपचार चल रहा है.
“मालवाहक ट्रक के वाहन चालक नसीम और हेल्पर शाकिब चोटिल हुए हैं. जिन्हें 108 एंबुलेंस के माध्यम से इंद्रेश अस्पताल भिजवाया गया. साथ ही दुर्घटना में अन्य कोई गंभीर मानवीय क्षति नहीं हुई है. दुर्घटना के कारण यातायात बाधित हुआ था, जिसको अतिरिक्त पुलिस बल लगाकर सामान्य कर दिया गया है.”- अंकित कंडारी, सीओ सदर



