
रुद्रपुर। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा 10 जुलाई 2026 के लिए ऊधम सिंह नगर में रेड अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने एहतियातन जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी, सहायता प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों (कक्षा 1 से 12) तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 10 जुलाई (शुक्रवार) को एक दिवसीय अवकाश घोषित कर दिया है।
जिलाधिकारी की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि भारी से बेहद भारी वर्षा, वज्रपात और अत्यंत तीव्र बारिश की संभावना को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है। सभी संबंधित विभागों और विद्यालयों को आदेश का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई विद्यालय इस आदेश की अवहेलना करता है तो उसके विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



