
उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग घायल हो गए। हादसा कोतवाली नगर क्षेत्र के मोहनपुरा में हाथरस सीमा के पास सुबह करीब पौने चार बजे हुआ।
पुलिस के मुताबिक, राजस्थान के करौली जिले से श्रद्धालुओं का जत्था मैक्स पिकअप वाहन से सोरोंजी तीर्थ में अस्थि विसर्जन के लिए जा रहा था। इसी दौरान मोहनपुरा के पास पिकअप की 22 चक्का ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल कासगंज पहुंचाया। पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली।
पुलिस के अनुसार, कुल 23 घायलों को जिला अस्पताल लाया गया था। इनमें आठ की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। उपचार के दौरान तीन और घायलों की मौत हो गई, जिसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई।
मृतकों में उमेश (26) निवासी ग्राम रेवई, थाना महुआ, जिला दौसा और नेहरू (25) निवासी ग्राम नथोली का पूरा, थाना सूरौठ, जिला करौली की पहचान हुई है। अन्य मृतकों की पहचान की कार्रवाई जारी है।
पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं, गंभीर रूप से घायल यात्रियों का उपचार जारी है।


