
ऊधम सिंह नगर। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के निर्देश पर खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने बाजपुर क्षेत्र में अभियान चलाया। सहायक आयुक्त (खाद्य सुरक्षा) ललित मोहन पाण्डे के नेतृत्व में टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर कुल 6 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए।
अभियान के दौरान राम किराना स्टोर, बरहैनी से सरसों तेल, सेवई और दलिया के नमूने लिए गए। वहीं विनय किराना स्टोर मेन मार्केट, बरहैनी से सोयाबीन रिफाइंड ऑयल, बेसन और चाय के नमूने लिए गए।
सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट में मानक के अनुरूप न पाए जाने पर संबंधित खाद्य कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य कारोबारियों को संदिग्ध खाद्य पदार्थों की बिक्री न करने, खाद्य लाइसेंस/पंजीकरण रखने और खरीद के बिलों पर FSSAI लाइसेंस नंबर अंकित करने के निर्देश दिए गए। विभाग ने आम लोगों से भी खाद्य सामग्री खरीदते समय निर्माण एवं उपयोग की तिथि और खाद्य लाइसेंस की जांच करने की अपील की है।
खराब गुणवत्ता, अस्वच्छ या असुरक्षित खाद्य सामग्री की शिकायत टोल-फ्री नंबर 18001804246 पर की जा सकती है।


