भाजपा संगठनात्मक बैठक में आगामी चुनावों की तैयारियों पर मंथन, कार्यकर्ताओं को सक्रियता और समर्पण के साथ जुटने का आह्वान

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन के प्रथम बार ऊधम सिंह नगर आगमन पर शनिवार को भाजपा जिला कार्यालय, रुद्रपुर में उनका भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय संगठनात्मक बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रतिभाग किया। जिला कार्यालय पहुंचने पर ढोल-नगाड़ों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया गया। बैठक में संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की भूमिका, जनसंपर्क अभियान और आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं वंदे मातरम् के साथ हुआ। इसके बाद संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई, जिसमें पार्टी की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक अधिक सक्रिय, प्रभावी और मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष कमल कुमार जिंदल ने स्वागत भाषण देते हुए प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन सहित सभी वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं, जो निरंतर जनता के बीच रहकर संगठन की नीतियों, विचारधारा और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। उन्होंने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।

बैठक को संबोधित करते हुए सांसद अजय भट्ट ने कहा कि आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक कार्यकर्ता को अभी से पूरी सक्रियता, निष्ठा और समर्पण के साथ संगठनात्मक गतिविधियों में जुट जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनावों में संगठन की मजबूती और सफलता का आधार बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता, जनता के साथ निरंतर संवाद और पार्टी के प्रति उनका समर्पण होता है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय बनाए रखने, जनसंपर्क को व्यापक बनाने और केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं तथा उपलब्धियों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता केवल चुनाव के समय सक्रिय रहने वाला कार्यकर्ता नहीं, बल्कि पूरे वर्ष जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए प्रयास करने वाला कार्यकर्ता है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे और संगठन को नई मजबूती प्रदान करेंगे।

प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन ने अपने संबोधन में संगठनात्मक मजबूती, अनुशासन, समर्पण और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका को पार्टी की सफलता का प्रमुख आधार बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी विशेषता उसका मजबूत संगठन और कार्यकर्ता आधारित कार्यप्रणाली है। संगठन की शक्ति तभी प्रभावी रूप में सामने आती है, जब प्रत्येक कार्यकर्ता अपने दायित्व को समझते हुए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करे और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहे।

उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए केवल बैठकों और कार्यक्रमों तक सीमित रहना पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रत्येक कार्यकर्ता को जनता के बीच अपनी सक्रिय उपस्थिति दर्ज करानी होगी। बूथ स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों को गति देना, नियमित जनसंपर्क बनाए रखना, आम लोगों की समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए प्रयास करना कार्यकर्ताओं की प्राथमिकता होनी चाहिए।

श्री मेनन ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ ही जनता से मिलने वाले सुझावों और समस्याओं को भी गंभीरता से लेना चाहिए। उन्होंने आपसी संवाद, समन्वय और अनुशासन के साथ कार्य करते हुए संगठनात्मक जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने पर बल दिया।

उन्होंने आगामी चुनावों की तैयारियों के संदर्भ में कहा कि संगठन की मजबूती निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है। इसके लिए प्रत्येक स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता, समर्पण और सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन की विचारधारा और जनसेवा के संकल्प को केंद्र में रखते हुए पूरी ऊर्जा के साथ कार्य करें तथा जनता के साथ अपने संबंधों को और मजबूत बनाएं।

प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता और आपसी समन्वय के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का मिलकर कार्य करना आवश्यक है। उन्होंने संगठन के निर्धारित कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा जनसंपर्क गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, सांसद अजय भट्ट, प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीपाल राणा, जिला प्रभारी खिलेन्द्र चौधरी, सह प्रभारी साकेत अग्रवाल, रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा, प्रदेश प्रवक्ता राजेश शुक्ला, रुद्रपुर महापौर विकास शर्मा, जिलाध्यक्ष कमल कुमार जिंदल, काशीपुर जिलाध्यक्ष मुकेश पाल, जिला महामंत्री तरुण दत्ता एवं रमेश जोशी, प्रदेश ओबीसी मोर्चा के नेतृपाल मौर्य, प्रदेश महिला मोर्चा महामंत्री रश्मि रस्तोगी, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, काशीपुर प्रभारी पुष्कर काला, काशीपुर सह प्रभारी भारत भूषण चुग, प्रदेश मंत्री धीरेन्द्र मिश्रा, दर्जा राज्य मंत्री उत्तम दत्ता, रामपाल सिंह एवं सुरेश कोहली, मोहिनी पोखरिया, दान सिंह रावत, गंभीर धामी, हिमांशु शुक्ला, अमित नारंग, प्रमोद मित्तल, सुरेंद्र चौधरी, संजीव सिंह, विपिन जालोत्रा, ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम, रामपुर विधायक आकाश सक्सेना, नीता सक्सेना, शैली फुटेला, शालिनी बोरा, स्वाति सक्सेना, प्रवेश खान, विजय तोमर, विपिन सिंह गेहलोत, अक्षय अरोरा, अक्षय गेहलोत, योगेश वर्मा एवं श्रीकांत राठौर सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।