ट्रांजिट कैंप में सस्ता गल्ला दुकानों की संख्या बढ़ाने की मांग, विधायक शिव अरोरा ने खाद्य मंत्री रेखा आर्य से की मुलाकात

खबरें शेयर करें

40 से 50 हजार की आबादी वाले क्षेत्र में एक दुकान होने से राशन वितरण मे आ रही समस्या , खाद्य मंत्री ने खाद्य सचिव को आवश्यक कार्रवाई के लिए किया निर्देशित

रुद्रपुर। गैरसैंण विधानसभा सत्र के दौरान रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने प्रदेश की खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री रेखा आर्य से मुलाकात कर ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में लंबे समय से रिक्त पड़ी सरकारी सस्ता गल्ला दुकानों को शीघ्र भरने की मांग उठाई। विधायक ने इस संबंध में खाद्य मंत्री को लिखित पत्र सौंपते हुए क्षेत्र की घनी आबादी और राशन वितरण में आ रही समस्याओं से विस्तारपूर्वक अवगत कराया।

विधायक शिव अरोरा ने पत्र में उल्लेख किया कि जिला पूर्ति अधिकारी, ऊधम सिंह नगर के पत्र संख्या 1441/जिपूअ/दु3अनु0/2022-23, दिनांक 22 दिसंबर 2022 के क्रम में शहरी क्षेत्रों में रिक्त सरकारी सस्ता गल्ला दुकानों की सूची तैयार की गई थी। उक्त को भरने के लिये कार्यवाही आगे बढ़ाने की मांग रखी।

विधायक ने कहा कि ट्रांजिट कैंप रुद्रपुर का अत्यंत घनी आबादी वाला क्षेत्र है, जहां लगभग 40 से 50 हजार लोग निवास करते हैं। क्षेत्र में बड़ी संख्या में परिवार निवासरत हैं, लेकिन सरकारी राशन की दुकानों की कमी के कारण पात्र लाभार्थियों को राशन प्राप्त करने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। लंबे समय से रिक्त पड़ी इन दुकानों को खोले जाने से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिल सकती है।

उन्होंने खाद्य मंत्री को बताया कि ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग सिडकुल की औद्योगिक इकाइयों में कार्य करते हैं और दैनिक मजदूरी के माध्यम से अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। राशन डिपो की कमी के चलते उन्हें राशन लेने के लिए लंबी कतारों में लगना पड़ता है, जिसके कारण कई बार उन्हें अपना काम छोड़ना पड़ता है और उनकी दैनिक मजदूरी भी प्रभावित होती है। ऐसे में क्षेत्र की आबादी और वार्डों की आवश्यकता के अनुरूप अतिरिक्त सस्ता गल्ला दुकानों का संचालन जनहित में अत्यंत आवश्यक है।

विधायक शिव अरोरा ने खाद्य मंत्री से आग्रह किया कि ट्रांजिट कैंप क्षेत्र की सरकारी सस्ता गल्ला दुकानों को शीघ्र अतिशीघ्र खुलवाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जाए, ताकि आम जनता को राशन प्राप्त करने में हो रही परेशानियों से निजात मिल सके।

वहीं, विधायक द्वारा उठाए गए इस जनहित के विषय को गंभीरता से लेते हुए खाद्य मंत्री रेखा आर्य ने पत्र को खाद्य सचिव को मार्क करते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। विधायक शिव अरोरा ने विश्वास जताया कि विभागीय स्तर पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई होगी और ट्रांजिट कैंप के हजारों परिवारों को सरकारी राशन प्राप्त करने में राहत मिलेगी।