
खटीमा में युवक की एक कॉल से मचा हड़कंप, बोला- ‘मम्मी-पापा को मार दिया है, जल्दी आ जाइए’, पुलिस पहुंची तो झूठी निकली सूचना
खटीमा: पैसों को लेकर माता-पिता से हुए विवाद के बाद एक युवक ने ऐसा कदम उठा लिया, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. युवक ने डायल 112 पर फोन कर कहा कि ‘मैंने मम्मी-पापा को मार दिया है, जल्दी आ जाइए’. यह सुनते ही पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए और आनन-फानन में मौके पर पहुंचे, लेकिन वहां का नजारा कुछ और ही था.
जब पुलिस मौके पर पहुंची तो माता-पिता पूरी तरह सुरक्षित मिले. जबकि, पूछताछ में खुलासा हुआ कि खर्च के लिए पैसे नहीं मिलने से नाराज युवक ने पुलिस को गुमराह करने के लिए यह झूठी सूचना दी थी. जिस पर पुलिस ने युवक के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170 के तहत कार्रवाई कर ली है.
दरअसल, खटीमा में एक युवक ने पुलिस के आपातकालीन नंबर डायल 112 पर ऐसी सूचना दी कि पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. युवक ने फोन पर दावा किया कि उसने अपने माता-पिता की हत्या कर दी है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम बिना देर किए मौके की ओर रवाना हो गई, लेकिन घटनास्थल पर पहुंचने के बाद जो सच्चाई सामने आई, वो चौंकाने वाली थी.
माता पिता से पैसे नहीं मिले तो युवक ने पुलिस को कर दिया फोन: दरअसल, मंगलवार देर शाम अभिषेक राठौर ने माता-पिता से खर्च के लिए पैसे मांगे थे. पैसे नहीं मिलने पर उसने पुलिस को परेशान करने के इरादे से झूठी सूचना दे दी. फोन पर मिली इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस तत्काल सक्रिय हो गई.
वरिष्ठ उपनिरीक्षक केसी आर्य, उपनिरीक्षक राकेश राय और पुलिस टीम मौके पर पहुंची. वहां जांच करने पर पता चला कि युवक के माता-पिता सुरक्षित हैं और हत्या जैसी कोई घटना नहीं हुई है.
पुलिस पूछताछ में खुला झूठी सूचना देने का राज: पुलिस ने जब युवक से पूछताछ की तो उसने बताया कि वो अपने माता-पिता से पैसे मांग रहा था. उनके पैसे देने से इनकार करने पर उसका विवाद हो गया. इसी बात से नाराज होकर उसने डायल 112 पर फोन कर माता-पिता की हत्या करने की झूठी सूचना दे दी.
खटीमा पुलिस ने युवक के खिलाफ की कार्रवाई: पुलिस के मुताबिक, आपातकालीन सेवा पर झूठी और भ्रामक सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने के मामले में अभिषेक राठौर के खिलाफ कार्रवाई की गई है. वरिष्ठ उपनिरीक्षक केसी आर्य ने बताया कि युवक को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत निरुद्ध किया गया है.
वहीं, खटीमा कोतवाली पुलिस ने आमजन से अपील की है कि डायल 112 आपातकालीन सहायता के लिए है. इस नंबर पर झूठी सूचना देना पुलिस के समय और संसाधनों की बर्बादी के साथ-साथ वास्तविक जरूरतमंदों की सहायता में भी बाधा बन सकता है. इसलिए इस सेवा का इस्तेमाल जिम्मेदारी के साथ करें.


