एक दिवसीय डोजो जू-जित्सु प्रतियोगिता संपन्न, 60 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

खबरें शेयर करें

रूद्रपुर । जिला जु-जित्सू एसोसिएशन एवं ऋषि मार्शल आर्ट्स एकेडमी, किच्छा के सौजन्य से नालंदा सीनियर सेकेंडरी स्कूल, किच्छा के ऑडिटोरियम में सोमवार को एक दिवसीय डोजो जू-जित्सु प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। जिसमें रूद्रपुर शहर के विभिन्न स्कूलों एवं एकेडमियों से लगभग 60 खिलाड़ियों ने भाग लेकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता का शुभारम्भ मुख्य अतिथि विद्यालय की डायरेक्टर डॉ. मृदुला किशोर, प्रिंसिपल डॉ. ब्रजेश कुमार दुबे एवं जिला जु-जित्सू एसोसिएशन के महासचिव सिहान ऋषि पाल भारती, कोच रूनू शर्मा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।

जिला जु-जित्सू एसोसिएशन ऑफ ऊधम सिंह नगर के महासचिव सिहान ऋषि पाल भारती ने बताया कि खिलाड़ियों को बेहतर मंच प्रदान करने के उद्देश्य से यह प्रतियोगिता आयोजित की गई। उन्होंने कहा कि जू-जित्सु खेल तेजी से युवाओं में लोकप्रिय हो रहा है और ऐसे आयोजन उनकी प्रतिभा को निखारते हैं।

विद्यालय की डायरेक्टर डॉ. मृदुला किशोर ने अपने संबोधन में कहा, खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं। नालंदा स्कूल हमेशा से खेलों को बढ़ावा देता आया है। सभी प्रतिभागियों को बधाई। प्रिंसिपल डॉ. ब्रजेश कुमार दुबे ने कहा, इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास और अनुशासन बढ़ाती हैं। आयोजकों और कोचों का सराहनीय प्रयास है।

कार्यक्रम आयोजक एवं सीनियर कोच रूनू शर्मा ने जानकारी दी कि नालंदा स्कूल में विगत कई वर्षों से मार्शल आर्ट्स का नियमित प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यहां प्रशिक्षण ले रहे खिलाड़ी जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीतकर विद्यालय और जिले का नाम रोशन कर चुके हैं। ओर उन्होंने आगे बताया कि प्रतियोगिता सब-जूनियर, जूनियर व सीनियर आयुवर्गों के विभिन्न भार वर्गों में आयोजित हुई। परिणामों में बालिका वर्ग में अनुप्रीत कौर, हिना अंसारी, शिवाशी चंद, नैनिका कोराली, बबीता अधिकारी ने स्वर्ण पदक, अदिति, वैष्णवी बहेल, पल्लवी यादव, पल्लवी रॉय, सिम्मी रावत ने रजत पदक एवं जसप्रीत कौर, श्रुति गराड़े, हेमा लोहनी, पायल पुंडीर, जायना बी, रितिका भंडारी, अलीजा अंसारी, सुधा ने कांस्य पदक जीते। बालक वर्ग में समर्थ दानु, पार्थ शाह, समद, मयंक दानू, अभिनव ने स्वर्ण पदक, अभियांक्ष गंगवार, अनंत उप्रेती, उत्कृष्ट, पंकज कुमार, प्रतीक कुमार ने रजत पदक एवं भारत मिश्रा, अंश कुमार, ध्रुव, वंश कर्का, माधव शर्मा, धीरज कुमार ने कांस्य पदक अपने नाम किया। निर्णायक एवं ऑफिशियल भूमिका में वंश विष्ट व मिंकु ठाकुर शामिल रहे।

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विद्यालय के वाइस प्रिंसिपल एवं शिक्षकों द्वारा विजेता खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र व पदक पहनाकर सम्मानित किया गया। अंत में आयोजक सीनियर कोच रूनू शर्मा ने सभी अतिथियों, निर्णायकों, कोचों, अभिभावकों एवं विद्यालय प्रबंधन का आभार व्यक्त किया।