
रुद्रपुर। आगामी रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने और मिलावट पर प्रभावी रोक लगाने के लिए ऊधम सिंह नगर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने सघन अभियान चलाया। जिलाधिकारी नितिन भदौरिया एवं खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय के निर्देश पर रुद्रपुर, बाजपुर और काशीपुर में खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।
रुद्रपुर में खाद्य सुरक्षा उपायुक्त कुमाऊं मंडल डॉ. राजेन्द्र सिंह कठायत के नेतृत्व में टीम ने डेयरियों, मिष्ठान भंडारों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की। अभियान के दौरान पनीर, घी, मक्खन, दही, दूध की बर्फी और पतीसा समेत कुल 12 नमूने लिए गए, जिन्हें परीक्षण के लिए राज्य खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
निरीक्षण के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में गंदगी एवं खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की स्थिति सामने आने पर चालानी कार्रवाई की गई। हंसराज डेयरी की निर्माण इकाई में सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर उसे तत्काल बंद करा दिया गया। वहीं काशीपुर और बाजपुर क्षेत्र में भी खाद्य प्रतिष्ठानों एवं बाहर से आने वाले खाद्य पदार्थों की जांच की गई।
अभियान के दौरान खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप खाद्य एवं पेय पदार्थों का निर्माण, भंडारण और बिक्री करने के निर्देश दिए गए। विभाग ने स्पष्ट किया कि जांच में नमूने मानकों के विपरीत पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार अभियान के तहत लिए गए कुल 12 नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी। विभाग ने खाद्य कारोबारियों को बिना लाइसेंस, बिना लेबल अथवा मानकों के विपरीत खाद्य सामग्री की बिक्री नहीं करने की सख्त हिदायत दी है।
अभियान में प्रशासन, खाद्य सुरक्षा विभाग, नगर निगम एवं संबंधित क्षेत्रीय अधिकारियों की संयुक्त टीमें शामिल रहीं।


