
रुद्रपुर। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन को लेकर ARTO रुद्रपुर की प्रवर्तन टीमों ने 20 से 23 अगस्त 2026 तक जिले में सघन प्रवर्तन अभियान चलाया। अभियान के दौरान यातायात एवं परिवहन नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की गई।
प्रवर्तन अभियान में कुल 913 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 111 वाहनों को सीज किया गया। कार्रवाई के दौरान बिना फिटनेस के 104, बिना ड्राइविंग लाइसेंस के 94, बिना टैक्स के 101 तथा गलत लेन में वाहन चलाने के 78 मामले सामने आए।
इसके अलावा मालवाहक वाहनों में ओवरलोडिंग के 62, वाहन से निर्धारित सीमा से बाहर माल लदे होने के 59, बिना रिफ्लेक्टिव टेप के 42, बिना परमिट के 36 तथा वाहनों में अनधिकृत परिवर्तन के 30 मामलों में कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान नशे में वाहन चलाने के 09, यात्री वाहनों में ओवरलोडिंग के 17, मालवाहक वाहनों में व्यावसायिक लाभ के लिए यात्रियों का परिवहन करने के 07 तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने के 12 प्रकरण भी दर्ज किए गए। इसके अतिरिक्त अन्य यातायात एवं परिवहन नियमों के उल्लंघन के 490 मामलों में कार्रवाई की गई।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात एवं परिवहन नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें और नशे में वाहन चलाने, ओवरलोडिंग, बिना फिटनेस, बिना परमिट तथा अन्य नियम विरुद्ध गतिविधियों से बचें।
ARTO रुद्रपुर ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


