भाजपा मंडल अध्यक्ष पर हमले के बाद सियासत तेज, विधायक शिव अरोड़ा ने जताई नाराजगी

खबरें शेयर करें
रुद्रपुर: जिले के दिनेशपुर कोतवाली क्षेत्र में भाजपा मंडल अध्यक्ष सुदर्शन पर कथित हमले के बाद क्षेत्र का राजनीतिक माहौल गरमा गया है. घटना की जानकारी मिलते ही रुद्रपुर विधायक शिव अरोड़ा अपने सैकड़ों समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ दिनेशपुर कोतवाली पहुंचे. इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर घटना को गंभीर बताते हुए आरोपियों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई की मांग की.
विधायक शिव अरोड़ा ने कहा कि उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है. उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति, विशेषकर जनप्रतिनिधि या राजनीतिक कार्यकर्ता पर इस प्रकार का हमला बेहद निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है.विधायक ने कहा कि जिस दिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दिनेशपुर क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे थे, उसी दिन भाजपा मंडल अध्यक्ष सुदर्शन पर हमला होना कई सवाल खड़े करता है.
उन्होंने कहा कि इस घटना को किसी भी स्थिति में हल्के में नहीं लिया जाएगा और दोषियों को कानून के अनुसार कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी. इस दौरान विधायक शिव अरोड़ा ने दिनेशपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र सिंह बिष्ट से भी वार्ता की और घटना को लेकर नाराजगी व्यक्त की. उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की त्वरित जांच कर आरोपियों की पहचान सुनिश्चित करने को कहा. विधायक ने कोतवाली में ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति से फोन पर बातचीत कर मामले में प्रभावी कार्रवाई की मांग की.
वहीं दिनेशपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया जाएगा. साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जाएगी, ताकि घटना में शामिल आरोपियों की पहचान की जा सके. उन्होंने कहा कि जांच के सभी पहलुओं पर गंभीरता से काम किया जा रहा है और जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.
घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखा जा रहा है. कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है. वहीं पुलिस प्रशासन ने भी मामले की निष्पक्ष और गहन जांच का भरोसा दिलाया है. अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं.