रुद्रपुर: हिमाचल पुलिस की कार्रवाई, तिजोरी चोरी मामले में नकदी-सोना लेने के आरोप में आबकारी दरोगा समेत चार धरे

खबरें शेयर करें

हिमाचल प्रदेश से चोरी हुई तिजोरी के मामले की जांच के दौरान रुद्रपुर में आबकारी विभाग के एक दरोगा समेत चार कर्मचारियों पर नेपाल निवासी महिला और उसके साथी से 80 हजार रुपये और करीब आधा किलो सोना लेने का आरोप लगा है। हिमाचल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आबकारी दरोगा देवेंद्र कुमार, सिपाही बलजीत सिंह, उपनल कर्मचारी पप्पू लाल और पीआरडी कर्मी नईम को गिरफ्तार कर लिया।
बताया गया कि आठ सितंबर को रामपुर बॉर्डर के पास आबकारी टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक कार में नेपाल निवासी करिश्मा और उसका साथी मिले। कार में टूटी हुई तिजोरी भी बरामद हुई। पूछताछ के दौरान दोनों कथित तौर पर डर गए। आरोप है कि आबकारी विभाग के कर्मचारियों ने महिला और उसके साथी से 80 हजार रुपये और करीब आधा किलो सोना ले लिया और उन्हें छोड़ दिया। बाद में महिला ने शिमला निवासी अपने पूर्व नियोक्ता को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर हिमाचल पुलिस रुद्रपुर पहुंची और एसएसपी अजय गणपति से संपर्क किया। इसके बाद संयुक्त जांच में मामले से जुड़े तथ्यों और आरोपों की कड़ियां जोड़ी गईं। कार्रवाई के दौरान चारों कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के कब्जे से नकदी और सोना बरामद होने की बात सामने आई है। पुलिस अब नेपाल निवासी महिला करिश्मा और उसके साथी की तलाश कर रही है। मामले में हिमाचल पुलिस की जांच जारी है।