
रुद्रपुर। कुमाऊँ क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक बड़ी सौगात देते हुए पार्क मेडी वर्ल्ड लिमिटेड ने रविवार को रुद्रपुर में ‘द मेडिसिटी हॉस्पिटल’ का शुभारंभ किया। 330 बेड क्षमता वाला यह अत्याधुनिक मल्टी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल कुमाऊँ का सबसे बड़ा अस्पताल बताया जा रहा है। इसके साथ ही पार्क ग्रुप ने उत्तराखंड में अपनी रणनीतिक उपस्थिति दर्ज कराते हुए उत्तर भारत के छह राज्यों में अपने अस्पताल नेटवर्क का विस्तार कर लिया है।
कंपनी के अनुसार यह नया अस्पताल आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं, अत्याधुनिक तकनीक और देश के प्रतिष्ठित संस्थानों से जुड़े विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम से सुसज्जित है। यहां कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, ऑन्कोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, क्रिटिकल केयर, नेफ्रोलॉजी, महिला एवं शिशु स्वास्थ्य सहित कई सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगी।
पार्क मेडी वर्ल्ड लिमिटेड के प्रबंध निदेशक डॉ. अंकित गुप्ता ने कहा कि रुद्रपुर में ‘द मेडिसिटी हॉस्पिटल’ का शुभारंभ कंपनी की विस्तार रणनीति का महत्वपूर्ण पड़ाव है। उनका कहना है कि यह अस्पताल पूरे कुमाऊँ क्षेत्र के लिए एक प्रमुख स्वास्थ्य सेवा केंद्र के रूप में कार्य करेगा और मरीजों को उच्च स्तरीय तृतीयक एवं चतुर्थक चिकित्सा सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराएगा।
पार्क ग्रुप वर्तमान में उत्तर भारत में 17 अस्पतालों का संचालन कर रहा है, जिनकी कुल क्षमता लगभग 4,300 बेड है। समूह तीन नए अस्पतालों के एकीकरण और तीन मौजूदा अस्पतालों के विस्तार पर भी कार्य कर रहा है। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद मार्च 2028 तक समूह की कुल क्षमता लगभग 5,600 बेड तक पहुंचने की उम्मीद है।
पार्क ग्रुप दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पानीपत, करनाल, सोनीपत, अंबाला, मोहाली, पटियाला, बठिंडा, बहरोड़, जयपुर, आगरा, पंचकूला और अब रुद्रपुर सहित कई प्रमुख शहरों में अपनी सेवाएं दे रहा है, जबकि गोरखपुर और रोहतक में भी विस्तार की प्रक्रिया जारी है।



