खटीमा/सितारगंज: आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 60 लीटर कच्ची शराब बरामद, 1500 किलो लहन नष्ट

खबरें शेयर करें

खटीमा। माननीय आबकारी आयुक्त के आदेश एवं जिला आबकारी अधिकारी ऊधमसिंहनगर के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों के निर्माण, बिक्री और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम ने सितारगंज क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की।
क्षेत्र-2 खटीमा की टीम ने सितारगंज के तिलियापुर, डोडा फार्म और बसगर गांव में संदिग्ध घरों व स्थानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान तिलियापुर गांव के किनारे नाले के पास संचालित हो रही 2 अवैध शराब भट्टियों को नष्ट किया गया।
तलाशी अभियान में टीम को मौके से 2 रबर ट्यूबों में लगभग 60 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई। साथ ही करीब 1500 किलोग्राम लहन भी बरामद किया गया, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
मामले में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत 2 अभियोग पंजीकृत किए गए हैं।
इस कार्रवाई का नेतृत्व आबकारी निरीक्षक बृजेश जोशी ने किया। टीम में उप आबकारी निरीक्षक जगदीश कुमार, प्रधान आबकारी सिपाही नितेश भारद्वाज, आबकारी सिपाही दीपक चंद्र एवं बबीता राय सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा।
आबकारी विभाग ने बताया कि अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।