
सितारगंज। राज्य सरकार के “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” कार्यक्रम के तहत मंगलवार को महाराजा अग्रसेन ट्रस्ट, सितारगंज में सेवा सप्ताह शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने की। शिविर में 28 विभागों ने स्टॉल लगाकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और विभिन्न सेवाओं की जानकारी आमजन को उपलब्ध कराई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि सेवा सप्ताह शिविर का उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना, जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और सुशासन की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि सरकार विकास और जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
शिविर में ग्राम्य विकास, पंचायतीराज, लोक निर्माण, सिंचाई, जल निगम, शिक्षा, समाज कल्याण, खाद्य एवं आपूर्ति, चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, पशुपालन, वन, उद्योग, उद्यान, मत्स्य, बाल विकास और भूमि संरक्षण सहित कुल 28 विभागों ने भाग लिया। विभागीय अधिकारियों ने योजनाओं की विस्तृत जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों का मार्गदर्शन भी किया।
शिविर के दौरान आमजन की समस्याएं भी सुनी गईं। कुल 43 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 15 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मोर्या, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, राज्य दर्जा मंत्री उत्तम दत्ता, हज कमेटी अध्यक्ष खतीब अहमद, ब्लॉक प्रमुख उपकार सिंह बल, नगर पालिका अध्यक्ष सुखदेव सिंह, जिला पंचायत सदस्य सूरज नारायण, मंडल अध्यक्ष जानकी कोहली, प्रधान संघ अध्यक्ष रेशम सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



