
रुद्रपुर, 6 अक्टूबर। अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र ने मंगलवार को अपने कार्यालय में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्य की प्रगति एवं मतदाता सूची से जुड़े विषयों की समीक्षा की।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में 14 जुलाई से 29 सितंबर 2026 तक संचालित SIR प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। इस दौरान कुल 8,644 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से संबंधित सभी कार्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं के अनुसार किए जाएंगे।
बैठक में सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की फोटोयुक्त मतदाता सूचियां राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गईं। सहायक निर्वाचन अधिकारी राजेंद्र सिंह अधिकारी ने मतदाता सूचियों से संबंधित आवश्यक जानकारी भी साझा की।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सहयोग की अपेक्षा की।
बैठक में भाजपा के ब्रिजेश सिंह, बसपा के चंद्रशेखर राव, आम आदमी पार्टी के विजय सिंह, सहायक निर्वाचन अधिकारी आर.एस. अधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।




