
नईदिल्ली। देशभर में चाय की दुकानों, रेहड़ियों, ढाबों और होटलों पर अखबार में समोसा, पकौड़ा, कचौरी सहित अन्य खाद्य पदार्थ परोसने और पैक करने की परंपरा अब महंगी पड़ सकती है। Food Safety and Standards Authority of India (FSSAI) ने खाद्य पदार्थों को अखबार में परोसने और पैक करने पर सख्त आपत्ति जताते हुए खाद्य कारोबारियों को ऐसा न करने के निर्देश दिए हैं।
एफएसएसएआई के अनुसार अखबार की छपाई में इस्तेमाल होने वाली स्याही और रसायन खाद्य पदार्थों के संपर्क में आने पर स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकते हैं। विशेष रूप से गर्म और तैलीय खाद्य पदार्थ इन रसायनों को तेजी से अवशोषित कर लेते हैं, जिससे उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों और खाद्य कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई की जा सकती है। नियमों के उल्लंघन पर जुर्माना, लाइसेंस संबंधी कार्रवाई और कानूनी दंड का भी प्रावधान है।
एफएसएसएआई ने खाद्य कारोबारियों से अपील की है कि वे अखबार की जगह फूड-ग्रेड पेपर, बटर पेपर या अन्य स्वीकृत खाद्य-सुरक्षित पैकेजिंग सामग्री का उपयोग करें ताकि उपभोक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।



