आस्था से खिलवाड़ करने वालों पर पुलिस का शिकंजा, तीन मंदिरों की चोरी का खुलासा, 100% माल बरामद

खबरें शेयर करें

काशीपुर। उत्तराखण्ड में अपराधमुक्त एवं भयमुक्त वातावरण स्थापित करने के मुख्यमंत्री के संकल्प को धरातल पर उतारते हुए ऊधमसिंहनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में काशीपुर पुलिस ने मंदिरों में हुई सिलसिलेवार चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक शातिर चोर और चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी को गिरफ्तार कर चोरी गया शत-प्रतिशत सामान बरामद कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार 26 मई 2026 की रात नागन शक्ति मंदिर तथा 31 मई 2026 की रात नागनाथ मंदिर और गंगे बाबा मंदिर में अज्ञात चोरों द्वारा चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया गया था। मामले में मंदिर प्रबंधन की ओर से कोतवाली काशीपुर में अलग-अलग मुकदमे दर्ज कराए गए थे।

मंदिरों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी अजय गणपति ने तत्काल विशेष पुलिस टीम गठित कर शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक काशीपुर एवं क्षेत्राधिकारी काशीपुर के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा सर्विलांस एवं मैनुअल पुलिसिंग के माध्यम से गहन जांच शुरू की।

जांच के दौरान 6 जून 2026 को पुलिस ने नौगजा पुलिया के पास से तालिब हुसैन को चोरी के माल और चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों सन्नी और मोईन के साथ मिलकर मंदिरों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने तथा चोरी का सामान कबाड़ी जलीश अहमद को बेचने की बात स्वीकार की।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने कबाड़ी जलीश अहमद को भी गिरफ्तार कर उसकी दुकान से चोरी गया सामान बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार तालिब हुसैन पूर्व में भी चोरी के मामले में जेल जा चुका है और उसके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच की जा रही है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹15,420 की नकदी, दो नाग प्रतिमाएं, दो कलश, एक पीली धातु की गदा, तीन त्रिशूल, मंदिर के गुंबदों में लगने वाले दो कलश, 17 घंटियां तथा चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।

इस कार्रवाई को काशीपुर पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। एसएसपी अजय गणपति की प्रभावी रणनीति और ऑपरेशन प्रहार के तहत चलाए जा रहे अभियान से अपराधियों में खौफ का माहौल बना हुआ है।