काशीपुर में जलभराव वाले खाली प्लॉटों पर सख्ती, एक सप्ताह में सर्वे कर होगी कार्रवाई, दो मासूमों की डूबने से मौत के बाद प्रशासन अलर्ट, प्लॉट मालिकों को फेंसिंग और चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश

खबरें शेयर करें

काशीपुर। ऊधमसिंहनगर के जिलाधिकारी के निर्देश पर नगर निगम काशीपुर ने वर्षा के दौरान जलभराव वाले खाली प्लॉटों और भूखण्डों को लेकर सख्त अभियान शुरू कर दिया है। नगर आयुक्त रविन्द्र सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में उपजिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह, तहसीलदार पंकज चन्दोला और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि नगर निगम सीमा के सभी जलभराव संभावित खाली प्लॉटों का प्राथमिकता के आधार पर सर्वे कराया जाएगा। जिन भूखण्डों में पानी निकासी संभव नहीं है, उनके स्वामियों को अपने खर्च पर तत्काल फेंसिंग कराने और चेतावनी बोर्ड लगाने के लिए नोटिस जारी किए जाएंगे। एक सप्ताह के भीतर सभी ऐसे स्थलों की सूची तैयार कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने बताया कि हाल ही में जलभराव वाले एक खाली भूखण्ड में दो मासूम बच्चों की डूबने से हुई दर्दनाक मौत के बाद यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अब तक 15 प्लॉट मालिकों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं और शेष चिन्हित स्थलों पर भी कार्रवाई जारी है।
संयुक्त निरीक्षण के दौरान जयपुरखुर्द और पक्काकोट सहित जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर अधिकारियों ने नालों की नियमित सफाई, अवरुद्ध जल निकासी मार्गों को तत्काल खुलवाने तथा संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी के निर्देश दिए।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि यदि आसपास किसी खाली प्लॉट में जलभराव हो तो इसकी तुरंत सूचना नगर निगम या जिला आपदा कंट्रोल रूम को दें। साथ ही बच्चों को जलभराव वाले स्थानों के पास अकेले न जाने दें और ऐसे क्षेत्रों से अनावश्यक आवाजाही से बचें।