
देहरादून। उत्तराखंड सरकार में नवनियुक्त दर्जा राज्य मंत्री एवं हरिराम टम्टा पारंपरिक शिल्प उन्नयन संस्थान के उपाध्यक्ष सुरेश कोली ने देहरादून स्थित उद्योग निदेशालय में पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने कार्यक्रम में सहभागिता कर सुरेश कोली को नई जिम्मेदारी के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि सुरेश कोली को मिली यह नई जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वे अपने दायित्व का पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करते हुए पारंपरिक शिल्प और उससे जुड़े लोगों के हितों के लिए कार्य करेंगे। उन्होंने सुरेश कोली के यशस्वी एवं सफल कार्यकाल की कामना की।
पदभार ग्रहण के अवसर पर भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष उपेंद्र चौधरी एवं पूर्व महापौर श्रीमती सोनी कोली भी मौजूद रहीं। सभी ने सुरेश कोली को शुभकामनाएं देते हुए नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी।
इस दौरान उद्योग निदेशालय के अधिकारी एवं संबंधित विभागीय कर्मचारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सुरेश कोली ने नई जिम्मेदारी के लिए सभी का आभार व्यक्त किया और सौंपे गए दायित्व का पूरी गंभीरता एवं प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन करने की बात कही।



