
रुद्रपुर। किच्छा एवं सिरौलीकलां नगर पालिका निर्वाचन की मतगणना को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए ऊधमसिंहनगर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं। मतगणना के मद्देनजर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
पुलिस लाइन में SSP अजय गणपति की मौजूदगी में उच्चस्तरीय ब्रीफिंग आयोजित की गई। इसमें ADM, SP City, SDM, RO तथा सभी पुलिस उपाधीक्षक मौजूद रहे। अधिकारियों ने मतगणना स्थल की त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश-निकास प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत 2 ASP, 4 CO, 18 निरीक्षक, 72 उपनिरीक्षक, 11 महिला उपनिरीक्षक, 230 हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल, 74 महिला कांस्टेबल, 22 ट्रैफिक पुलिसकर्मी तथा 3 कंपनी PAC की तैनाती की गई है।
मतगणना केंद्रों एवं आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी। इसके साथ ही अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, लगातार गश्त और सघन चेकिंग की व्यवस्था भी की गई है।
पुलिस की साइबर टीम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखेगी। पुलिस के अनुसार, भ्रामक खबर, अफवाह फैलाने अथवा मतगणना प्रक्रिया में व्यवधान डालने का प्रयास करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
SSP अजय गणपति ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मतगणना के दौरान निष्पक्षता, सतर्कता और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।



