रुद्रपुर में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, दहेज उत्पीड़न का आरोप; मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में हुआ पोस्टमार्टम

खबरें शेयर करें

विवाह के महज तीन माह बाद गई जान, परिजनों ने ससुराल पक्ष पर लगाया 15 लाख नकद और बुलेट की मांग का आरोप
रुद्रपुर। गंगापुर मार्ग स्थित वसुंधरा कॉलोनी में अपने भाई के घर रह रही एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न और मानसिक प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। विवाह को तीन माह ही होने के कारण मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा भर पोस्टमार्टम कराया गया।
जानकारी के अनुसार मूल रूप से फतेहगंज पश्चिम, बरेली निवासी 24 वर्षीय काजल पुरी का विवाह 18 फरवरी 2026 को किच्छा के पंजाबी मोहल्ला निवासी युवक से हुआ था। परिजनों का आरोप है कि विवाह से पूर्व ही ससुराल पक्ष द्वारा 15 लाख रुपये नकद और बुलेट मोटरसाइकिल की मांग की जा रही थी। विवाह के बाद मांग पूरी न होने पर काजल का लगातार उत्पीड़न किया जाने लगा और उसके साथ मारपीट की जाती थी।
परिजनों के मुताबिक कुछ दिन पूर्व काजल की सास उसे उसके भाई पवन के गंगापुर मार्ग स्थित वसुंधरा कॉलोनी स्थित घर छोड़ गई थी। यहां काजल ने अपने साथ हो रही प्रताड़ना की पूरी जानकारी भाई को दी थी। बताया गया कि वह लगातार मानसिक तनाव में थी। रविवार रात अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद परिजन उसे जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रथम दृष्टया मृतका द्वारा किसी विषाक्त पदार्थ के सेवन की आशंका जताई जा रही है। हालांकि चिकित्सकों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
मृतका के भाई पवन ने आरोप लगाया कि बहन की मौत के बाद उसके पति का एक करीबी रिश्तेदार घर पहुंचा और कार्रवाई करने पर तमंचा दिखाकर धमकी दी। इतना ही नहीं, उसने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर भी परिवार को डराने-धमकाने का प्रयास किया।
घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और परिजनों को सांत्वना देते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।