रुद्रपुर में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, हरियाणा मार्का अवैध शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। उत्तराखण्ड आबकारी आयुक्त महोदया के आदेशानुसार चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रुद्रपुर के डी.डी. चौक, नैनीताल रोड पर दो संदिग्ध व्यक्तियों को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया।
संयुक्त आबकारी आयुक्त श्री के.के. कांडपाल एवं श्री प्रदीप कुमार के निर्देशन तथा जिला आबकारी अधिकारी श्री एम.एस. बिष्ट के नेतृत्व में सुबह चलाए गए अभियान के दौरान टीम ने दो व्यक्तियों के कब्जे से सिग्नेचर रेयर व्हिस्की की कुल 60 बोतलें बरामद कीं। बरामद शराब पर “For Sale in Haryana Only” अंकित था, जिससे अवैध परिवहन एवं बिक्री की पुष्टि हुई।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अमित अग्रवाल, पुत्र ओम प्रकाश अग्रवाल, निवासी दोहाल बुजुर्ग थाना सरीला जनपद हमीरपुर (हाल निवासी चंडीपुर कलीनगर थाना दिनेशपुर, ऊधमसिंहनगर) तथा विवेक गायन, पुत्र पंचा राम गायन, निवासी शक्तिफार्म थाना सितारगंज, ऊधमसिंहनगर के रूप में हुई है।
दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध उत्तराखण्ड आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। न्यायालय के आदेशानुसार दोनों आरोपियों को जेल भेजने की कार्रवाई की गई।
इस कार्रवाई में आबकारी निरीक्षक रुद्रपुर श्री सोनू सिंह, आबकारी निरीक्षक खटीमा श्री बी.एन. जोशी सहित आबकारी विभाग की प्रवर्तन टीम सक्रिय रूप से मौजूद रही।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध शराब की तस्करी और बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।