
रुड़की: उत्तराखंड में बदमाशों के अंदर शायद पुलिस का खौफ खत्म हो गया है. तभी तो बदमाश दिनदहाड़े फिल्मी स्टाइड में शहर के बीच बड़ी-बड़ी वारदातों को अंजाम देकर फरार हो जा रहे हैं. ऐसे ही एक मामला हरिद्वार जिले के रुड़की से सामने आया है, जहां हथियार बंद बदमाशों ने दिनदहाड़े एक युवक पर फायरिंग की. गनीमत रही कि इस फायरिंग युवक बच गया. इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. फायरिंग करने के बाद बाइक सवार बदमाश मौके से फरार हो गए थे, ये वारदात इलाके में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई.
फिलहाल जो जानकारी सामने आई है, उसके अनुसार 10 जून बुधवार दोपहर करीब दो बजे बाइक सवार एक दर्जन से ज्यादा बदमाश उप कारागार रुड़की के ठीक सामने पहुंचे. बाइक सवार बदमाशों ने रामपुर गांव के रहने वाले कुछ युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की. राहत की बात ये है कि इस जानलेवा हमले में कोई जनहानि नहीं हुई और युवक बाल-बाल बच गए.
दोपहर को अचानक हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी सी मच गई थी. लोग डर के मारे इधर-उधर भाग रहे थे. इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की. इस मामले में अफजाल नाम के व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर भी दी है.
अफजाल ने रुड़की की गंगनहर कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि वो सब्जी मंडी रुड़की में सब्जियों की काम करता है. अफजाल के बेटे दानिश का दोस्त शमीम बुधवार को रुड़की जेल में इंतजार से मिलने गया था. वहीं पर पहले से रजिश रखने वाले नईम उर्फ लख्खा, नदीन, सुहैल, समीर और सुहैल पहले से ही शमीम को मारने के लिए तमंचे लेकर खड़े थे.
शमीम को उन पर पहले ही शक हो गया था. इसीलिए उनसे अपने गांव के ही युवक शाहरुख को कॉल किया. शमीम के फोन पर शाहरुख और उसका दोस्त दानिश जो मुकदमा दर्ज करने वाले अफजाल का बेटा है, दोनों रुड़की जेल पहुंचे. दानिश और शाहरुख के साथ-साथ उवेश और अमजद भी आए थे.
आरोप है कि जैसे ही पांचों लोग जेल से बाहर आए तो आरोपियों ने उन पर फायरिंग कर दी, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल हो गया. पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है. गंगनहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनी भूषण श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है. जल्द ही इन तमाम अपराधियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.



