
रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर स्थित बगवाड़ा क्षेत्र में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 31वीं वाहिनी पीएसी के जवान धर्मेंद्र सिंह रावत की करंट लगने से मौत हो गई। ड्यूटी पूरी करने के बाद वह अपने आवास पर बिजली की तकनीकी खराबी ठीक करने के लिए पोल पर चढ़े थे। इसी दौरान अचानक करंट की चपेट में आने से वह नीचे गिर पड़े और सिर में गंभीर चोट लग गई।
घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जवान की असमय मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। उनकी पत्नी और दो बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक 36 वर्षीय धर्मेंद्र सिंह रावत, वर्ष 2011 बैच के जवान थे और 31वीं वाहिनी पीएसी की डी कंपनी में कांस्टेबल पद पर तैनात थे। वह विभागीय अनुमति से बगवाड़ा स्थित ग्रीन व्यू कॉलोनी में परिवार के साथ रह रहे थे। सोमवार को शाम चार बजे ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह घर पहुंचे थे।
घटना की सूचना मिलते ही 31वीं वाहिनी पीएसी के सहायक सेनानायक मिथिलेश सिंह, पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं समाजसेवी सुशील गाबा पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों से मिलकर संवेदनाएं व्यक्त कीं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, जवान के निधन से 31वीं वाहिनी पीएसी के अधिकारियों और कर्मचारियों में शोक की लहर है।



