
एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में जिलेभर में विशेष अभियान, डेसिबल सीमा और निर्धारित समय का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई
रुद्रपुर। माननीय सर्वोच्च न्यायालय के ध्वनि प्रदूषण संबंधी दिशा-निर्देशों के शत-प्रतिशत अनुपालन के लिए ऊधमसिंहनगर पुलिस ने जिलेभर में विशेष अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में सभी थाना क्षेत्रों में बिना अनुमति संचालित, निर्धारित डेसिबल सीमा से अधिक ध्वनि करने वाले तथा तय समयावधि का उल्लंघन करने वाले लाउडस्पीकरों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
पुलिस टीमों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में धार्मिक स्थलों पर लगे ध्वनि विस्तारक यंत्रों का निरीक्षण किया। नियमों का उल्लंघन मिलने पर कई स्थानों से लाउडस्पीकर हटवाए गए तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान रात्रि 10 बजे से सुबह 6 बजे तक की साइलेंट आवर्स का भी कड़ाई से पालन कराया गया। अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों और अन्य साइलेंस जोन क्षेत्रों में भी विशेष निगरानी रखी गई।
कार्रवाई के तहत जसपुर, काशीपुर, आईटीआई, केलाखेड़ा, किच्छा, नानकमत्ता और खटीमा थाना क्षेत्रों में निर्धारित ध्वनि सीमा का उल्लंघन करने वाले कई लाउडस्पीकर हटाए गए। खटीमा में सबसे अधिक कार्रवाई करते हुए 4 मस्जिदों से 7 लाउडस्पीकर हटाए गए, जबकि किच्छा और खटीमा में पुलिस एक्ट की धारा 81 के तहत कुल 6 चालान भी किए गए।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि कानून व्यवस्था, सार्वजनिक शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सर्वोच्च न्यायालय और शासन के निर्देशों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



