
रुद्रपुर। जनपद ऊधम सिंह नगर में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में रुद्रपुर पुलिस ने पिस्टल के बल पर एक परिवार को धमकाने और क्षेत्र में दहशत फैलाने के मामले में मुख्य आरोपी समेत दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला 10 जून 2026 का है, जब आदर्श कॉलोनी क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा एक परिवार के घर पहुंचकर हंगामा करने और पिस्टल दिखाकर धमकाने की सूचना पुलिस को मिली थी। स्थानीय लोगों के विरोध के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने एक लोडेड .30 बोर पिस्टल और छह जिंदा कारतूस बरामद किए थे।
जांच में सामने आया कि आदर्श कॉलोनी निवासी तरुण दियू उर्फ सन्नी के भाई कपिल की एक माह पूर्व आत्महत्या हुई थी। परिजन एसी कारोबारी रमन कक्कड़ को इस घटना के लिए जिम्मेदार मान रहे थे, जिसको लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद के दौरान आरोपियों ने परिवार को धमकाने का प्रयास किया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने विशेष पुलिस टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश के निर्देश दिए। लगातार दबिश, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने 15 जून को रामपुर जनपद के खानपुर मार्ग से मुख्य आरोपी रमन कक्कड़ और दीपक कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में अन्य फरार आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में रमन कक्कड़ (32 वर्ष) निवासी केसरपुर, रुद्रपुर तथा दीपक कुमार (26 वर्ष) निवासी सकैनिया, गदरपुर शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से बरामद .30 बोर पिस्टल और छह जिंदा कारतूस को साक्ष्य के रूप में जब्त किया है।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। कानून व्यवस्था को चुनौती देने और हथियारों के बल पर दहशत फैलाने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।



