
रुद्रपुर। बांकीपुर में भाजपा की रैली के दौरान हनुमान स्वरूप में कलाकार द्वारा भाजपा का झंडा लेकर प्रस्तुति देने के मामले को लेकर कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के रुद्रपुर आगमन से पहले गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ता रम्पुरा चौक पर एकत्र हुए और प्रदर्शन कर नितिन नवीन का पुतला दहन किया।
जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा, नानकमत्ता विधायक गोपाल सिंह राणा और महानगर अध्यक्ष ममता रानी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि धार्मिक प्रतीकों और देवी-देवताओं के स्वरूप का इस्तेमाल राजनीतिक प्रचार के लिए किया जाना उचित नहीं है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा ने कहा कि भाजपा स्वयं को सनातन धर्म की रक्षक बताती है, लेकिन उसके राजनीतिक कार्यक्रमों में धार्मिक स्वरूपों के इस्तेमाल का मामला सामने आ रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या भगवान के स्वरूप को राजनीतिक रैली में पार्टी के झंडे के साथ प्रस्तुत करना उचित है।
नानकमत्ता विधायक गोपाल सिंह राणा ने कहा कि कांग्रेस सभी धर्मों और धार्मिक आस्थाओं का सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि देवी-देवताओं के स्वरूप को राजनीतिक प्रचार का माध्यम बनाए जाने का कांग्रेस विरोध करती है।
महानगर अध्यक्ष ममता रानी ने कहा कि धार्मिक आस्था किसी राजनीतिक दल की संपत्ति नहीं है। उन्होंने भाजपा पर कथनी और करनी में अंतर होने का आरोप लगाते हुए कहा कि धार्मिक प्रतीकों के सम्मान को लेकर सभी राजनीतिक दलों को संवेदनशीलता बरतनी चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और नितिन नवीन के रुद्रपुर आगमन से पहले अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन में संजय ठुकराल, संतोष कुमार, उमा सरकार, जितेश शर्मा, आजम खान, आशित बाला, प्रदीप यादव, उमाशंकर, बाबू विश्वकर्मा, ललित बिष्ट, रविन्द्र गुप्ता, राहुल प्रजापति, छत्रपाल, मोहन भारद्वाज, आनंद शर्मा, चिराग कालड़ा, जगदीश दास, इंदर रौतेला, अमित अरोरा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।



