शुद्धिकरण के विरोध में युवा कांग्रेस का मशाल जुलूस, कोतवाली में पुलिस से धक्का-मुक्की

खबरें शेयर करें
हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम के बाद कथित तौर पर किए गए शुद्धिकरण के विरोध में युवा कांग्रेस ने बुधवार शाम जोरदार प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मशाल जुलूस निकालकर इस कार्रवाई पर नाराजगी जताई। जुलूस रामलीला मैदान से हल्द्वानी कोतवाली तक पहुंचा।
प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विशाल भोजक और एनएसयूआई के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं का आरोप था कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम के बाद रामलीला मैदान का शुद्धिकरण कराना कांग्रेस और उसके नेताओं का अपमान है। इसी के विरोध में कार्यकर्ता मशाल लेकर सड़कों पर उतरे।
जुलूस के कोतवाली पहुंचने के बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच माहौल तनावपूर्ण हो गया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को कोतवाली परिसर में प्रवेश करने से रोकने का प्रयास किया, जिस दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और तीखी नोकझोंक हुई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की।
प्रदर्शनकारियों ने संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कोतवाली के बाहर नारेबाजी की और धरने पर बैठ गए। युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से किए गए राजनीतिक कार्यक्रम के बाद शुद्धिकरण की कार्रवाई स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने पुलिस-प्रशासन से मामले में निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

See less