हल्द्वानी में बीजेपी का चुनावी महामंथन, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने 2027 के लिए बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का दिया मंत्र

खबरें शेयर करें

हल्द्वानी। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति के अंतिम सत्र में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रदेश पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर हुई इस बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और चुनावी तैयारियों को गति देने पर जोर दिया गया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि चुनावी सफलता के लिए संगठन का मजबूत होना बेहद जरूरी है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक सक्रिय करने की जरूरत है। उन्होंने शक्ति केंद्रों को प्रभावी बनाने तथा संगठन में तीन बार दायित्व संभाल चुके पदाधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पार्टी के सभी मोर्चों और प्रकोष्ठों के अध्यक्षों से भी बातचीत की। इस दौरान संगठनात्मक गतिविधियों को और प्रभावी बनाने, नए बूथों को मजबूत करने तथा शक्ति केंद्रों पर पार्टी की गतिविधियों को लगातार सक्रिय रखने पर चर्चा हुई।
प्रदेश कार्यसमिति के सत्र के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में बीजेपी की कोर कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों, संगठन की मौजूदा स्थिति और बूथ स्तर की रणनीति को लेकर वरिष्ठ नेताओं के साथ विचार-विमर्श किया गया।
बीजेपी की यह बैठक आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पार्टी नेतृत्व का जोर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने पर है।