
किच्छा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देशन एवं पुलिस उपाधीक्षक किच्छा के पर्यवेक्षण में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से कोतवाली किच्छा पुलिस द्वारा विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान पुलिस ने बिना नंबर प्लेट तथा आवश्यक दस्तावेजों के संचालित 12 मोटरसाइकिलों को सीज कर दिया। सभी वाहन स्वामियों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
किच्छा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय नंबर प्लेट अवश्य लगाएं तथा आरसी, बीमा, ड्राइविंग लाइसेंस और प्रदूषण प्रमाण पत्र जैसे आवश्यक दस्तावेज साथ रखें। साथ ही नाबालिगों को वाहन न दें और दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा। इसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।



